सुपरस्टार रजनीकांत एक बार फिर सिनेमाघरों में तूफ़ान लेकर आए हैं। उनकी नई गैंगस्टर एक्शन ड्रामा ‘कुली’ ने पहले ही दिन ऐसा धमाल मचाया कि जूनियर एनटीआर और ऋतिक रोशन की ‘वॉर 2’ पीछे रह गई।
तमिल में बनी इस फिल्म ने रजनीकांत के 50 साल के करियर की सबसे बड़ी पैन इंडिया ओपनिंग दर्ज की है। इतना ही नहीं, इसने थलपति विजय की ‘लियो’ को पीछे छोड़ते हुए तमिल सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग का खिताब अपने नाम कर लिया। फिल्म ने शानदार कमाई की है और 15 अगस्त की छुट्टी का बोनस, जिससे कमाई और भी बढ़ने वाली है।
400 करोड़ की मेगा फिल्म
लोकेश कनगराज के निर्देशन में बनी ‘कुली’ का बजट करीब 400 करोड़ है। फिल्म में रजनीकांत के साथ नागार्जुन और श्रुति हासन अहम रोल में हैं, जबकि आमिर खान का भी खास कैमियो है। ये फिल्म अब आधिकारिक तौर पर लोकेश सिनेमैटिक यूनिवर्स (LCU) का हिस्सा बन गई है, वही एक्शन यूनिवर्स जिसमें कैथी, विक्रम और लियो जैसी हिट फिल्में शामिल हैं।
दुनिया भर में छाया ‘कुली’ का क्रेज
‘कुली’ सिर्फ भारत में ही नहीं, विदेशों में भी शानदार कमाई कर रही है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन ₹150 करोड़ (भारत + इंटरनेशनल) की कमाई की है, जो तमिल सिनेमा के लिए एक नया रिकॉर्ड है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘युद्ध’
जहां कुली के शो हाउसफुल जा रहे हैं, वहीं वॉर 2 में आधी भीड़ देखने को मिली। पहले दिन वॉर 2 ने हिंदी, तमिल और तेलुगु में ₹52 करोड़ कमाए, जबकि कुली ने ₹65 करोड़ का शानदार स्कोर बनाया।
वीकेंड में होगा और धमाल
स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी से शुक्रवार की कमाई और बढ़ने की उम्मीद है। सुबह से ही सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ लगी हुई है। ट्रेड पंडितों का मानना है कि फिल्म आज ₹80 करोड़ का आंकड़ा पार कर सकती है। और शनिवार-रविवार अभी बाकी हैं, ऐसे में कुली भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड वाली फिल्मों में शामिल हो सकती है।
लगता है रजनीकांत ने एक बार फिर साबित कर दिया, उन्हें थलाइवर यूं ही नहीं कहा जाता!