कल्याण ज्वैलर्स के शेयरों में आज लगभग 13% की भारी गिरावट देखी गई, जबकि कंपनी ने वित्त वर्ष 26 की अप्रैल-जून तिमाही में मुनाफे में 49% की वृद्धि देखने को मिली है।
कल्याण ज्वैलर्स ने वित्त वर्ष 26 की पहली तिमाही में ₹264.08 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की इसी तिमाही के ₹177.56 करोड़ से ज़्यादा है। कल्याण ज्वैलर्स ने अच्छा मुनाफा कमाया, लेकिन बाजार की प्रतिक्रिया कुछ और ही कहानी बयां करती है।
बिक्री में तेज़ी, लेकिन शेयर में गिरावट
कल्याण ज्वैलर्स की आय भी अच्छी रही, जो साल-दर-साल 31% बढ़कर ₹7,268 करोड़ हो गई, जबकि वित्त वर्ष 25 की पहली तिमाही में यह ₹5,528 करोड़ थी। इन मज़बूत आँकड़ों के बावजूद, निवेशकों का रुझान कमज़ोर रहा, जिससे शेयर की कीमत में भारी गिरावट आई।
कल्याण के ऑनलाइन-प्रथम लाइफस्टाइल ज्वेलरी प्लेटफ़ॉर्म, कैंडेरे का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। प्लेटफ़ॉर्म ने ₹66 करोड़ का रेवेन्यू कमाया, लेकिन तिमाही के अंत में उसे ₹10 करोड़ का घाटा हुआ।
त्योहारों से अच्छी उम्मीद
परिणामों के बारे में बात करते हुए, कल्याण ज्वैलर्स इंडिया के कार्यकारी निदेशक, रमेश कल्याणरमन ने कहा,
“सोने की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के बावजूद, हमने इस तिमाही की अच्छी शुरुआत की है। हम देश भर में आगामी त्योहारी सीज़न को लेकर उत्साहित हैं और नए कलेक्शन और कैंपेन लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं।”
कंपनी त्योहारी मांग और नए लॉन्च पर भरोसा करते हुए, आगे की राह को लेकर उत्साहित दिखाई दे रही है।